कांग्रेस के लिए बुरी खबर : सिद्धू की ताजपोशी में जा रहे कार्यकर्ताओं की बस की टक्कर, 5 की मौत, 50 घायल

बुरी खबर पंजाब कांग्रेस से है जहां नवनियुक्‍त अध्‍यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की ताजपोशी में शामिल होने मोगा से चंडीगढ़ जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मिनी बस सामने से आ रही पंजाब रोडवेज की बस से जा टकराई। घटना आज सुबह 7.55 की मोगा-अमृतसर रोड की बताई जा रही है। ये हादसा इतना भयंकर था कि 5 लोगों मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 50 से ज्यादा लोग गंभीर घायल बताए जा रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार 9.30 तक चार लोगों के मरने की पुष्टि हुई और शवों को मथुरादास सिविल अस्पताल लाया गया। एक शव बाद में लाया गया। पंजाब के सीएम, कैप्‍टन अमरिंदर सिंह ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्‍होंने कहा कि मोगा जिले में बस दुर्घटना के बारे में जानकारी मिलने पर दुख हुआ। डीसी मोगा को सभी घायलों को तुरंत पूर्ण चिकित्‍सा सुविधा उपलब्‍ध कराने और सरकार को रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

मीडिया रिपोर्ट् के अनुसार मोगा से शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे कांग्रेस के कार्यकर्ता मिनी बस के माध्यम से चंडीगढ़ में कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की ताजपोशी समारोह के लिए जा रहे थे। मिनी बस जनेर के निकट अचानक लिंक रोड से निकलकर हाईवे पर आई तो सामने से मोगा से अमृतसर जा रही पंजाब रोडवेज की बस के साथ मिनी बस की सीधी भिड़त हो गई। बसों के परखच्चे उड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दोनों बसों के चालकों की मौके पर ही मौत हो गई। चीख पुकार सुनने के बाद आसपास के गांव के लोग मौके पर पहुंचे और बसों से शवों को बाहर निकाला औऱ अस्पताल भेजा। एम्बुलेंस और पुलिस को सूचना दी गई और मौके पर पुलिस और एंबुलेंस पहुंची। घायलों को मथुरादास सिविल अस्पताल ले जाया गया।

एसएमओ डा. सुखप्रीत बराड़ ने आपात संदेश देकर सभी चिकित्सकों को इमरजेंसी बुला लिया था। अस्पताल की ड्यूटी पर दूसरे विभागों में मौजूद पैरा मेडिकल स्टाफ भी तत्काल इमरजेंसी पहुंचकर घायलों के उपचार में जुट गया था। निजी अस्पताल के चिकित्सकों को सिविल अस्पताल में बुला लिया गया है। दोनों ही बसों में सवार 50 से ज्यादा लोग ज्यादा घायल हुए हैं। पुलिस ने बताया कि एक बस राज्य परिवहन विभाग की थी और एक निजी मिनी बस थी। पता चला है कि यह बस सिद्धू के कार्यभार ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए कार्यकर्ताओं को लेकर जा रही थी। कांग्रेस के जिला उपायुक्त संदीप हंस ने कहा कि जो हादसा हुआ, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। गंभीर रूप से घायल दर्जनों लोगों को सिविल अस्पताल मोगा में भर्ती कराया गया है। यातायात शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रभारी कृपाल सिंह ने कहा कि दुर्घटना इतनी भीषण थी कि पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं, पचास से साठ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *