गर्व : उत्तराखंड पुलिस के कांस्टेबल ने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस को किया फतह

उत्तराखंड के लिए यूरोप की सबसे ऊंची चोटी से खुशखबरी आई है। एक जवान ने ना सिर्फ उत्तराखंड और पुलिस विभाग का बल्कि देश का नाम रोशन किया है। बता दें कि एसडीआरएफ में तैनात कांस्टेबल राजेंद्र नाथ ने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस को फतह किया है। उत्तराखंड के लिए ये गर्व की बात है कि उनका जवान इतनी ऊंची चोटी पर जाकर फतह हासिल कर आया। एसडीआरएफ ने इसकी जानकारी दी है और कहा कि यह उपलब्धि हासिल करने वाले राजेंद्र नाथ राज्य के पहले पुलिसकर्मी है जिन पर विभाग को गर्व है।

आपको बता दें कि उत्तराखंड पुलिस के एसडीआरएफ में तैनात राजेन्द्र नाथ ने 12 अगस्त को बहुत खराब मौसम में यूरोप महाद्वीप स्थित सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस को फतह किया और इतिहास रचा। राजेंद्र ने ना सिर्फ उत्तराखंड और पुलिस विभाग की बल्कि देश की शान बढ़ाई हैष 360 एक्सप्लोरर महाराष्ट्र द्वारा 9 अगस्त से 17 अगस्त 2021 तक माउंट एलब्रुस (5642 मीटर) पर एक्सपीडिशन का आयोजन किया गया था।  जिसका उदेश्य स्वतंत्रता दिवस पर माउंट एलब्रुस पर आरोहण कर भारतीय ध्वज फहराना था। 13,14,15 अगस्त को खराब मौसम की चेतावनी के चलते टीम ने बड़ा साहस दिखाते हुए 12 अगस्त को ही एल्ब्रुस को फतह कर वहां तिरंगा फहराया। 

बता दें कि राजेंद्र 2001 में भर्ती हुए थे। पुलिस में सेवा दे रहे आरक्षी राजेंद्र नाथ पूर्व में भी एक कीर्तिमान हासिल कर चुके हैं, जिसमें वे उत्तराखंड के प्रथम पुलिसकर्मी बने हैं, जिन्होंने माउंट त्रिशूल (7120 मीटर) का सफलतापूर्वक आरोहण किया था। माउंट त्रिशूल को पर्वतारोहियों द्वारा प्री-एवरेस्ट के रूप में किया जाता है। 

राजेंद्र नाथ ने पूर्व में भी सतोपंथ, चंद्रभागा-13 (6264 मीटर) एवं डीकेडी-2 (5670 मीटर) का भी सफलतापूर्वक आरोहण किया था। पूरे देश में राजेंद्र नाथ की बड़ी सराहना हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *