खुलासा : 3 करोड़ की रंगदारी मांगने वाला निकला 10 साल का बच्चा, पूछताछ में किए कई खुलासे, पुलिस हैरान

हल्द्वानी : हल्द्वानी से एक गजब का मामला सामने आया है। पुलिस ने एक ऐसे बच्चे को गिरफ्त में लिया है जिसने एक डॉक्टर से 3 करोड़ की रंगदारी मांगी। दरअसल बच्चे ने प्रैंक किया था. पुलिस को शिकायत की गई और जांच शुरु की गई तो सामने आया कि रंगदारी मांगने वाला 10 साल का बच्चा है। पुलिस ने फोन भी बरामद किया। जानकारी मिली है कि टोनी कक्कर का गाना सुनने के बाद यूं ही उसने एक नंबर पर फोन कर दिया।

आपको बता दें कि ईएनटी सर्जन डॉ. वैभव कुच्छल से तीसरी के छात्र ने फोन कर 3 करोड़ की रंगदारी मांगी, ये जानकर पुलिस भी हैरत में है। पुलिस ने दावा करते हुए बताया कि तीसरी में पढ़ने वाले 10 साल के बच्चे ने मजाक में एक अनजान नंबर पर फोन किया था। हालांकि डॉ. कुच्छल पुलिस के खुलासे और दावे से संतुष्ट नहीं है। उनका कहना है कि फोन करने वाले की आवाज इस बच्चे से मेल नहीं खाती है। उन्होंने गंभीरता से जांच की मांग की है।

रामपुर रोड मानपुर उत्तर स्थित निजी अस्पताल के संचालक डॉ. वैभव कुच्छल के पास सोमवार शाम एक कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाले ने तीन करोड़ की रंगदारी मांगी थी और न देने पर उनके बेटे के अपहरण की धमकी दी थी। इससे हड़कंप मच गया। एसएसपी ने डॉक्टर के घर पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी। सर्विलांस से कॉल करने वाले की लोकेशन हापुड़ की मिली तो पुलिस टीम हापुड़ रवाना की गई। कोतवाली पुलिस और एसओजी ने हापुड़ की एक कॉलोनी में दबिश देकर मंगलवार रात एक फर्नीचर कारोबारी को पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि फोन कारोबारी ने नहीं बल्कि उनके 10 साल के बेटे ने किया था। पिता को इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। पुलिस दोनों को साथ लेकर रात में ही हल्द्वानी आ गई।

इसके बाद बच्चे से पूछताछ की गई। बच्चे ने ऐसी ऐसी बात कही कि पुलिस भी हैरान है।बच्चा बोला कि उसने तो सिर्फ प्रैंक किया था। वैभव अंकल डॉक्टर हैं, यदि दिमाग के डॉक्टर होते तो उसे समझ जाते, गले के डॉक्टर हैं इसलिए मेरे गले पड़ गए। पूछताछ से बच्चा झुंझलाया हुआ लग रहा था। बालक ने बताया कि वह हापुड़ के एक कान्वेंट स्कूल में कक्षा तीन का छात्र है। हर कक्षा में नंबर वन आने के कारण उसे क्लास टीचर ने हेड ब्वॉय बना दिया।

बताया कि घर में वह मां के मोबाइल पर गेम खेलता है। जिस गेम की कीमत 650 रुपये है, उसे भी वह मुफ्त में डाउनलोड कर लेता है। जो बच्चा गेम में अव्वल नंबर पाता है, उसे मुफ्त में गेम की सुविधा गूगल से मिल जाती है। उसने यह भी बताया कि वह साथियों के साथ फुटबाल खेलना पसंद करता है। उसे दुनिया के जाने-माने खिलाड़ी रोनाल्डो बहुत पसंद हैं। उनकी टीशर्ट का नंबर 07आर है। इस बीच एक पुलिसकर्मी के कहने पर कुछ ही देर में बालक ने उसका यू-ट्यूब पर चैनल बना दिया। बच्चे की बातों और तकनीकी ज्ञान को देखकर पुलिसकर्मी भी हैरत में पड़ गए। बच्चे के पिता का कहना था कि वह मोबाइल या यू ट्यूब के बारे में अधिक नहीं जानते हैं। वह बेटे को अपना मोबाइल भी नहीं देते हैं लेकिन वह अपनी मां के मोबाइल पर गेम खेलता रहता है।

आपको बता दें कि डॉ. वैभव कुच्छल मूल रूप से मुजफ्फरनगर जिले के नई मंडी के रहने वाले हैं। 2007 में डॉक्टर की मां विजय लक्ष्मी कुच्छल की घर में हत्या कर बदमाशों ने लूटपाट की थी। इस घटना में तीन बदमाश पकड़े गए थे। डॉक्टर का आरोप है कि मां की हत्या का भी यूपी पुलिस ने सही खुलासा नहीं किया था। उस घटना से रंगदारी मांगने के तार जुड़े हो सकते हैं। मामले में पुलिस को अभी अन्य पहलुओं पर भी जांच करनी चाहिए कि आखिरी इसके पीछे कौन लोग थे। यह घटना साधारण नहीं है। पुलिस जांच करे तो अन्य पहलू भी सामने आ सकते हैं। डॉक्टर के समर्थन में शहर के व्यवसायी नेता नवीन वर्मा, प्रदीप सब्बरवाल, इंद्र कुमार भुटियानी, सपा नेता शोएब अहमद, आप नेता समित टिक्कू सहित अन्य लोग कोतवाली थाने पहुंचे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!