अवैध खनन पर SDM की बड़ी कार्यवाही, चार वाहन किए सीज, तहसील प्रशासन पर लगा मिलीभगत का आरोप

ऊधम सिंह नगर। किच्छा क्षेत्र में अवैध खनन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। जनप्रतिनिधियों की लगातार मिल रही शिकायतों के बावजूद राजस्व विभाग की कुम्भकरणी नींद खुलने का नाम नही ले रही। स्थानीय जनता व जन प्रतिनिधियों द्वारा राजस्व विभाग पर खनन माफियाओं से मिली भगत के आरोप लग रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा अवैध खनन रोके जाने के राजस्व अधिकारियों को निर्देश के बाबजूद खनन माफियाओं के किच्छा तहसील क्षेत्र अन्तर्गत हौसले बुलंद हैं। स्थानीय जनता में अवैध खनन के खिलाफ भारी आक्रोश है। किच्छा तहसील के अन्तर्गत अवैध खनन की शिकायतों को खारिज करते हुए अवैध खनन ना होने के लम्बे चौड़े दावे किये जाते है। लेकिन इन दावों की पोल तब खुली जब किच्छा एसडीएम की अगुवाई में सीओ सिटी, किच्छा कोतवाल ने छापामार कार्यवाही करते हुए अवैध खनन से लदे 4 ट्रैक्टर सीज किए और कुछ बाईकें भी दबोची। जबकि खनन माफिया खनन से लदे वाहन छोड़कर फरार हो गये।

एसडीएम द्वारा अवैध खनन के खिलाफ की गयी कार्यवाही ने किच्छा तहसील की कार्यप्रणाली और खनन ना होने के खोखले दावों की हवा निकाल दी है। भारी मात्रा में तहसील क्षेत्र अन्तर्गत गंगोली लक्ष्मीपुर क्षेत्र में चल रहे अवैध खनन पर स्थानीय जनता में तहसील प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है। वहीं दूसरी तरफ उपजिलाधिकारी व पुलिस की कार्यवाही से क्षेत्र में खनन माफियाओं में हड़कम्प मच गया है।

उपजिलाधिकारी किच्छा ने कहा कि वह अवैध खनन व अवैध भण्डारण के खिलाफ लगातार अभियान चलाये हुए हैं। अवैध खनन की शिकायतों पर गम्भीरता से कार्यवाही की जा रही है। किच्छा तहसील क्षेत्र में अवैध खनन किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जायेगा। छापामार टीम में उपजिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा , सीओ सिटी ओम प्रकाश, कोतवाल किच्छा सहित राजस्व उपनिरीक्षक दीपक कुमार, शंकर लाल आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!