उत्तराखंड : पुलिस कन्फ्यूज, पत्नी से बोला-मैं न्यूजीलैंड जा रहा हूं और देहरादून के ATM से निकाले धड़ाधड़ पैसे
रुड़की : सिविल लाइन कोतवाली उस वक्त हैरान रह गई जब पुलिस के पास महिला एक शिकायत लेकर पहुंची। दरअसल मामला उसके पति के लापता होने का था। महिला ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि उसका पति फौज से सेवानिवृत्त है और लापता है। सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस को दी तहरीर मेें महिला ने कहा कि वो घर में न्यूजीलैंड जाने की बात कहकर गया था लेकिन उसकी लोकेशन देहरादून में है। ये सुन पुलिस खुद कन्फ्यूज हो गई है कि आखिर माजरा क्या है।
महिला की तहरीर के बाद पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है। जानकारी मिली है कि फौजी ने कई एटीएम से पैसे भी निकाले हैं। अलग अलग एटीएम से पैसे निकालने की डिटेल मिली है।
आपको बता दें कि सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र निवासी एक महिला ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस को दी तहरीर में महिला ने बताया कि उनके पति सेना से सेवानिवृत्त हैं। महिला ने कहा कि उनके पति एक साल पहले न्यूजीलैंड में नौकरी के लिए जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद उनका संपर्क नहीं हो पाया। इसके चलते उसने 30 दिसंबर 2020 में पति की गुमशुदगी का मामला सिविल लाइंस कोतवाली में दर्ज कराया था। महिला ने बताया कि उनके पति हर माह उसके खाते में ऑनलाइन पांच हजार की रकम भेज रहे हैं। महिला के मुताबिक पति का नंबर लगातार बंद आ रहा है। महिला ने बताया कि उसने पति के बैंक अकाउंट के बारे में जानकारी जुटाई तो पता चला कि देहरादून के अलग-अलग स्थानों पर एटीएम के जरिये उनके खाते से रकम निकाली गई है।महिला ने शक जताया कि उनके पति किसी महिला के साथ देहरादून में लिव इन रिलेशन में रह रहे हैं। महिला की शिकायत पर पुलिस ने छानबीन शुरू की है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरचंद शर्मा ने बताया कि बैंक खाते के जरिये महिला के पति की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। शीघ्र ही पुलिस उन तक पहुंच जाएगी।
















