उत्तराखंड : टेंडर कैंसिल कराने को लेकर अधिशासी अभियंता पर ताना तमंचा, कर्मचारियों ने किया कार्य बहिष्कार

देहरादून के विकासनगर से दबंगई का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार विकासनगर में पीडब्ल्यूडी ऑफिस में घुसकर एक व्यक्ति ने अधिशासी अभियंता डीपी सिंह पर टेंडर कैंसिल का दबाव बनाया और तमंचा तान दिया। ये देख वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। अन्य कर्मियों ने युवक को पकड़कर बाहर किया जिसके बाद आऱोपी तमंचा लहराता हुआ चला गया। वहीं अब आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शनिवार को अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार किया। कर्मचारियों ने दफ्तर पर ताला लगा दिया और कहा कि आरोपी गिरफ्तारी के बाद ही दफ्तर खुलेगा। घटना के 24 घंटे बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से कर्मचारियों में रोष है। उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन ने लोनिवि मंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर जल्द कार्रवाही की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को तारली गांव निवासी एक युवक तमंचा लेकर पीडब्लयू कार्यालय में अधिशासी अभियंता डीपी सिंह के कार्यालय में घुस गया और उसने अधिशासी अभियंता पर तमंचा तान दिया। उसने अधिकारी से टेंडर कैंसिल करने का दबाव बनाया, जिसके बाद कार्यालय में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने किसी तरह युवक को काबू में कर उसे कार्यालय से बाहर निकाला। घटना से दहशत में आए लोनिवि अधिकारियों और कर्मचारियों ने उप जिलाधिकारी कालसी को तहरीर देकर आरोपी युवक की गिरफ्तारी की मांग की। अधिशासी अभियंता डीपी सिंह, सहायक अभियंता आरसी शर्मा ने बताया कि घटना के चौबीस घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद आरोपी युवक को गिरफ्तार नहीं किया गया है।

वहीं इसके बाद विभाग अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो जाती तब तक कार्यालय पर ताला लटका रहेगा। उधर, राजस्व उप निरीक्षक सुखदेव जिनाटा ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए राजस्व पुलिस की टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!