खबर देव रिपोर्ट कालू वर्मा नकली दवाओं के कारोबार पर STF का बड़ा प्रहार, मुख्य सरगना बिजनौर से गिरफ्तार
बिजनौर। नकली दवाओं के निर्माण, बिक्री और ऑनलाइन आपूर्ति करने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ उत्तराखंड एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरोह के मुख्य सरगना विशद कुमार पुत्र भीम सिंह, निवासी चांदपुर, जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया है।एसटीएफ के मुताबिक आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रतिष्ठित फार्मा कंपनियों के नाम पर जीवनरक्षक दवाओं की हूबहू नकल तैयार कर ऑनलाइन बिक्री और आपूर्ति करने वाले गिरोह का मुख्य सरगना है। मामले में इससे पहले गिरोह के दो सदस्यों जतिन निवासी संभल और गौरव त्यागी निवासी देहरादून को गिरफ्तार किया जा चुका है।जांच के दौरान 23 मई 2026 को सिडकुल सिगड्डी, कोटद्वार स्थित मैसर्स नैक्टर हर्ब्स एंड ड्रग्स में अवैध रूप से नकली दवाओं के निर्माण की सूचना पर संयुक्त कार्रवाई की गई थी। मौके से करीब 3 किलोग्राम कम्प्रेस्ड टैबलेट और टैबलेट निर्माण में इस्तेमाल होने वाले 34 पंच उपकरण बरामद किए गए थे। इसके बाद फैक्ट्री को नियमानुसार सीज कर दिया गया।एसटीएफ के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पूर्व में मैसर्स नैक्टर हर्ब्स एंड ड्रग्स, कोटद्वार का मालिक रहा है। कंपनी पर वर्ष 2021 में कोरोना काल के दौरान नकली रेमडेसिविर के निर्माण के आरोप सामने आए थे। वर्ष 2024 में तेलंगाना पुलिस द्वारा कंपनी के संबंध में कार्रवाई और सैंपलिंग किए जाने की जानकारी भी सामने आई थी। कंपनी का औषधि निर्माण लाइसेंस भी निरस्त किया जा चुका है।मामले में एसटीएफ द्वारा CCPS देहरादून में मुकदमा संख्या 29/26 दर्ज कर BNS, कॉपीराइट अधिनियम, IT Act और NDPS Act की विभिन्न धाराओं के तहत विवेचना की जा रही है।एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि दवाएं केवल अधिकृत एवं लाइसेंसधारी मेडिकल स्टोर से ही खरीदें। नकली दवाओं अथवा अवैध औषधि निर्माण की जानकारी मिलने पर एसटीएफ हेल्पलाइन 9412029536 पर सूचना दें। सूचनाकर्ता का नाम पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा।








