पत्नी ने प्रेम प्रसंग के चलते प्रेमी के साथ मिलकर करवाई पति की हत्या, 5 आरोपी हुए गिरफ्तार
देहरादून : बीते दिनों राजधानी के गुच्चुपानी में हुई युवक की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। युवक की पत्थर से कुचलकर निर्मम हत्या की गई थी। इस मामले में पुलिस ने एक महिला समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। लेकिन एक अपराधी अब भी फरार है। पुलिस ने बताया कि मोहसिन की हत्या की साजिश उसकी पत्नी ने ही रची थी। मोहसिन की पत्नी शीबा ने उर्फ सीमा ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी।
पति की हत्या के लिए शीबा ने उत्तर प्रदेश के 3 बदमाशों को 2 लाख की सुपारी दी थी। बदमाशों ने हत्या को अंजाम देने के लिए 20 हजार रूपए एडवांस मांगे थे। जबकि बाकी के पैसे काम होने के बाद देने की बात हुई थी। हत्या से पहले मृतक मोहसिन को खूब शराब पिलाई गई थी। जिसके बाद नशे की हालत में उसे जंगल में ले जाकर पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर भी बरामद कर लिया है। इसके साथ ही हत्या करने वाले तीनों आरोपियों अरशद, शाहरूख और रवि को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।